Jantar Mantar: बुधवार रात जंतर-मंतर पर भारी बवाल हुआ। दिल्ली पुलिस और पहलवानों के बीच भिड़ंत हो गई। इसके बाद जंतर-मंतर पर भारी संख्या में पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचने वाले सभी रास्तों को बंद कर वहां किसी बाहरी व्यक्ति के आने पर रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता बेड्स लेकर वहां पहुंचे थे जिस पर पुलिस ने आपत्ति जताया। इसके बाद पहलवानों एवं पुलिस के बीच संघर्ष शुरू हो गया। पहलवानों ने दिल्ली पुलिस पर हमले का आरोप लगाया है।
एक पहलवान जख्मी
संघर्ष में एक पहलवान जख्मी हुआ है। दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों को भी चोटें आई हैं। धरना स्थल पर AAP नेताओं के पहुंचने के बाद हंगामा होने लगा। आप के नेता पहलवानों के लिए बेड्स लेकर आए थे। बिना अनुमति बेड्स लेकर आने पर दिल्ली पुलिस ने विरोध किया जिसके बाद हंगामा बढ़ता चला गया। पहलवानों ने दिल्ली पुलिस पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया है।
धरना स्थल पर बेड्स लेकर आए थे AAP नेता
बजरंग पुनिया ने कहा कि बारिश की वजह से यहां सोने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए लोग बेड्स लेकर आए थे। इस संघर्ष पर दिल्ली पुलिस की डीसीपी प्रणव तायल ने कहा कि आप नेता सोमनाथ भारतीय प्रदर्शन स्थल पर बेड्स लेकर आए थे। चूंकि वहां बेड्स लाने की इजाजत नहीं थी तो हमने इसकी अनुमति नहीं दी। इसी दौरान पहलवानों के कुछ समर्थक ट्रक से बेड्स उतारने लगे जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
पहलवान अपनी शिकायत दें-पुलिस
पुलिस अधिकारी ने कहा कि 'हमने पहलवानों से अपनी परेशानियों को लेकर शिकायत देने के लिए कहा है। हम उनकी शिकायतों पर उचित कदम उठाएंगे। जिस पुलिसकर्मी पर उन्होंने आरोप लगाए हैं, उसका मेडिकल चेक-अप किया जा रहा है।' बता दें कि पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बृज भूषण पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पहलवान उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
