Delhi BJP Office Inauguration: 1980 में दिल्ली के एक छोटे से दफ्तर से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब एक और ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गई है। राजधानी में पार्टी अपने 17वें नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करने जा रही है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मिलकर करेंगे। यह नया कार्यालय अजमेरी गेट में बनाया गया है, जहां कभी भाजपा का राष्ट्रीय कार्यालय हुआ करता था और बाद में इसे प्रदेश कार्यालय के रूप में उपयोग किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो|PTI)
दिल्ली में कहां है भाजपा का वर्तमान कार्यालय
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भाजपा के 35 सालों के संघर्ष और संगठन की मेहनत का परिणाम है। वर्तमान में दिल्ली भाजपा का कार्यालय 14 पंडित पंत मार्ग पर है। यह मकान मूल रूप से सांसद मदन लाल खुराना को आवंटित हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे पार्टी कार्यालय में बदल दिया। भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डीडीयू मार्ग पर नए यू-टर्न का निर्माण
साल 1988 में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यालय 11 अशोक रोड पर बनाया गया था। चुनावी समय में अक्सर अजमेरी गेट के पुराने दफ्तर में जगह की कमी के कारण 11 अशोक रोड पर अस्थायी दफ्तर बनाना पड़ता था। अब नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही डीडीयू मार्ग पर एक नया यू-टर्न भी बनाया जा रहा है, ताकि आने-जाने वाले वाहनों को जाम का सामना न करना पड़े। भाजपा के लिए यह नया कार्यालय न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक है, बल्कि पार्टी की लंबी राजनीतिक यात्रा और विकास का भी गवाह है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
