दिल्ली में कूड़े के कई पहाड़ हैं, जहां से आसपास के इलाकों में बदबू फैलती रहती है। इन पहाड़ों से उठता धुआं, ऊपर मंडराते चील-कौवे, दूर तक आती सड़ांध के साथ ही वायु प्रदूषण इन कूड़े के पहाड़ों की खूबियां हैं। इसके अलावा यह अंडरग्राउंड वाटर को भी प्रदूषित करते हैं। दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को लेकर राजनीति भी खूब होती है। लेकिन यह कूड़े के पहाड़ खत्म नहीं होते। अब दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने का संकल्प लिया है।
दिल्ली से खत्म होंगे कूड़े के पहाड़ -मंत्री मनजिंदर सिरसा
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कल यानी गुरुवार 15 मई को कहा कि उनकी सरकार इस साल अक्टूबर तक यानी अक्टूबर 2025 तक ही ओखला लैंडफिल साइट से 20 लाख मीट्रिक टन कूड़े को हटाएगी। इस दौरान वह यह बताना नहीं भूले कि यह लेगेसी गार्बेज यानी पिछली सरकारों के दौरान का कूड़ा है।
यही नहीं मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि उनका लक्ष्य साल 2028 तक दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने का है। यानी अगर वह अपने लक्ष्य में सफल रहते हैं तो दिल्ली से कूड़े के पहाड़ खत्म हो जाएंगे। हालांकि, यह भविष्य के गर्भ में है, क्योंकि सिरसा से पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य नेता भी दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने का संकल्प जता चुके हैं। अब वह सत्ता में नहीं हैं, लेकिन कूड़े के पहाड़ जस के तस खड़े हैं।
मनजिंदर सिंह सिरसा का कहना है कि दिल्ली से कूड़े के पहाड़ उसी तरह से गायब हो जाएंगे, जैसे धरती से डायनासोर खत्म हो गए थे। उन्होंने कहा, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है, जिस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ओखला लैंडफिल साइट से 20 लाख मीट्रिक टन लेगेसी गारबेज हटने के बाद यहां से कूड़े का पहाड़ खत्म हो जाएगा।
मंत्री मनजिंदर सिंह ने कहा कि उनकी सरकार 2028 तक जब दिल्ली के सभी कूड़े के पहाड़ों को खत्म कर देगी तो वहां कुछ भी नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि फिर यह कूड़े के पहाड़ सिर्फ तस्वीरों में ही बचेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
