एक तरफ पाकिस्तान और PoK में Operation Sindoor चलाने और पाकिस्तान की गुस्ताखी पर उसके सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने को लेकर देशभर में सेना के प्रति सम्मान बढ़ा है। दूसरी तरफ कुछ झांसेबाजों को शर्म नहीं आती है और वह सेना के जवानों के साथ भी ठगी करते हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सामने आया है। जिसमें सेना के एक जवान के साथ 19 लाख रुपये की ठगी हुई। हालांकि, पुलिस ने झांसेबाज को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल दक्षिणी पश्चिम जिले में एक सैन्य कर्मी को सस्ते दाम पर कार दिलाने का झांसा देकर 19 लाख रुपये ठगने के आरोप में ओमप्रकाश नामक व्यक्ति को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ओमप्रकाश के खिलाफ दिल्ली, जयपुर और पंचकूला में धोखाधड़ी के नौ मामले दर्ज हैं।
पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने फॉक्सबिटडील्स.काम नामक ई-कॉमर्स साइट के माध्यम से ओमप्रकाश से संपर्क किया था, जिसने बाजार मूल्य से 30 प्रतिशत कम कीमत पर किआ सेल्टोस कार दिलाने का वादा किया था।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने 19 लाख रुपये भुगतान किए, लेकिन कार नहीं मिली और आरोपी का मोबाइल भी बंद हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि भुगतान उस बैंक खाते में हुआ था जो फॉक्सबिटडील्स सेल्स एंड मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा था, जिसमें आरोपी की बहन और पत्नी निदेशक हैं।
आरोपी ने अपने पुराने पते को बदल दिया था, लेकिन नांगलोई क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ओमप्रकाश सांवरिया मूल रूप से जयपुर के शास्त्री नगर का रहने वाला है और दिल्ली के नांगलोई एक्सटेंशन में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फॉक्सबिटडील्स सेल्स एंड मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी बनाकर छूट के बहाने लोगों को ठगता था और पैसे ट्रांसफर होने के बाद अपना ठिकाना बदल लेता था।
उसने बताया कि वह मुख्य रूप से सैन्य कर्मियों को निशाना बनाता था, क्योंकि उनके तबादले के कारण वे शिकायत आगे नहीं बढ़ा पाते। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
