Delhi Bomb Threat: दिल्ली में एक बार फिर बम ब्लास्ट की धमकी! IGI एयरपोर्ट सहित 20 अस्पतालों को आया ई-मेल

  • Agency by: Agency
  • Updated May 13, 2024, 06:16 AM IST

Delhi Bomb Threat: दिल्ली में 150 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के कई दिनों बाद आईजीआई एयरपोर्ट, उत्तरी रेलवे सीपीआरओ कार्यालय सहित 20 अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी से भरे ई-मेल आए हैं, जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई है।

Delhi Bomb Threat: दिल्ली में आज से 11 दिन पहले 150 से अधिक स्कूलों को एक ईमेल आया था, जिसमें उन्हें बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उसके बाद रविवार, 12 मई को 20 अस्पतालों, आईजीआई हवाई अड्डे और उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ कार्यालय को ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसके बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, जहां स्कूलों को रूस स्थित ई-मेल सेवा से धमकियां मिलीं थीं, वहीं अस्पतालों और दो अन्य प्रतिष्ठानों को रविवार को यूरोप स्थित ई-मेल सेवा कंपनी 'बीबल डॉट कॉम' से यह धमकियां मिली हैं। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, ई-मेल एक अस्पताल को भेजा गया था और उसी सामग्री वाली प्रतियों को अन्य अस्पतालों को भी भेजा गया था। उन्होंने कहा कि साइबर अधिकारी ई-मेल के 'आईपी एड्रेस' का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

Delhi Bomb Threat

दिल्ली में एक बार फिर बम ब्लास्ट की धमकी

अस्पतालों को मिले धमकी भरे ई-मेल

अस्पतालों को धमकी भरे ई-मेल में कहा गया, "मैंने आपकी इमारत के अंदर विस्फोटक उपकरण रखे हैं। उनमें अगले घंटे विस्फोट होगा। यह कोई धमकी नहीं है, आपके पास बम को निष्क्रिय करने के लिए कुछ घंटे हैं, अन्यथा इमारत के अंदर निर्दोष लोगों का खून आपके हाथों में होगा। इसके पीछे 'कोर्ट' नामक समूह का हाथ बताया जा रहा है।"दिल्ली पुलिस को संदेह है कि यह ई-मेल वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) या प्रॉक्सी सर्वर की मदद से भेजा गया था ताकि आईपी एड्रेस का पता न लगाया जा सके। अधिकारी ने कहा कि इस सिलसिले में दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने और जांच करने की संभावना है।

End of Feed