Delhi Metro: दिल्लीवालों की मेट्रो यात्रा अब और आसान और टेक्नोलॉजी-ड्रिवन बनने जा रही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने देश की अग्रणी डिजिटल मैपिंग कंपनी Mappls MapmyIndia के साथ साझेदारी की है, जिसके बाद यात्रियों को अब Mappls ऐप पर मेट्रो की रियल-टाइम जानकारी मिलेगी।
डीएमआरसी ने Mappls के साथ मिलाया हाथ (फोटो साभार: DMRC)
मेट्रो का सफर होगा और आसान
इस समझौते के तहत, ऐप यूजर्स अब अपने मोबाइल पर ही नजदीकी स्टेशन, रूट, किराया, लाइन बदलने की जानकारी, ट्रेन की आवृत्ति और अनुमानित यात्रा समय सब कुछ देख सकेंगे। यानी अब दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो से सफर करने वालों को बार-बार बोर्ड देखने या ऐप्स बदलने की जरूरत नहीं होगी।
यह सुविधा जल्द ही 3.5 करोड़ से ज्यादा Mappls यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी। DMRC का कहना है कि इसका मकसद यात्रियों के सफर को और सुविधाजनक, तेज़ और “स्मार्ट” बनाना है। DMRC के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने कहा कि “यह साझेदारी मेट्रो यात्रियों के लिए नेविगेशन को सरल बनाएगी और उन्हें यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद करेगी।”
Mappls के को-फाउंडर और चेयरमैन राकेश वर्मा ने बताया कि जल्द ही यह डेटा ऐप के मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट सेक्शन में शामिल होगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर में यात्रा पूरी तरह एकीकृत और स्मार्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा, “यह कदम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्वदेशी तकनीक की एक और मिसाल है।”
दिल्ली मेट्रो के डेटा इंटीग्रेशन से Mappls ऐप अब सिर्फ मेट्रो नेविगेशन तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि नागरिक ट्रैफिक जाम, दुर्घटना, पार्किंग या पानीभराव जैसी समस्याएं भी रियल-टाइम में रिपोर्ट कर सकेंगे। इससे प्रशासन को त्वरित कार्रवाई और बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट में मदद मिलेगी।
तकनीक और पारदर्शिता के मेल से यह पहल दिल्ली-एनसीआर को “स्मार्ट मोबिलिटी सिटी” बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम साबित हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
