Mini India in Delhi: दिल्ली में जल्द ही एक ऐसी जगह तैयार होने वाली है, जहां आप पूरे भारत की झलक एक ही जगह पा सकते हैं। ये जगह है भारत वंदना पार्क का 'मिनी इंडिया' जोन। दिल्ली के द्वारका सेक्टर 20 में बन रहा यह जोन जल्द ही खुलने वाला है। यह जोन भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मशहूर स्मारकों और सांस्कृतिक धरोहरों की प्रतिकृतियों से सजा होगा। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकतर इमारतों का लगभग 80 से 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और यह अगले कुछ महीनों में आम जनता के लिए खुल जाएगा।
देश के प्रमुख स्मारकों की मिलेगी झलकियां (सांकेतिक तस्वीर)
देश भर के रहेंगे स्मारक
मिनी इंडिया जोन में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के खास स्मारकों को 25 गुना छोटे पैमाने पर बना कर उनके वास्तुशिल्प और डिजाइन को पूरी तरह सटीकता से दर्शाया गया है। इसमें संसद भवन, हवा महल, जम्मू-कश्मीर के हाउसबोट, ओडिशा का सूर्य मंदिर, तमिलनाडु का मीनाक्षी मंदिर, गुजरात की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसी कई प्रसिद्ध स्थल शामिल हैं।
सात हिस्सों में बंटा है जोन
पार्क को सात क्लस्टरों में विभाजित किया गया है, जो राज्यों के स्मारकों के आधार पर बंटे हैं। उत्तर भारत के क्लस्टर में कश्मीर के हाउसबोट और केदारनाथ मंदिर जैसे स्थल हैं, जबकि मध्य भारत के क्लस्टर में दिल्ली का संसद भवन, पंजाब का विरासत-ए-खालसा और उत्तर प्रदेश का विश्वनाथ मंदिर शामिल हैं। पश्चिमी भारत के क्लस्टर में राजस्थान का हवा महल और गुजरात की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी प्रमुख हैं। पूर्वी भारत के क्लस्टर में बिहार का गोलघर, झारखंड का बैद्यनाथ मंदिर और पश्चिम बंगाल का विक्टोरिया मेमोरियल शामिल हैं। दक्षिण भारत के क्लस्टर में तिरुमाला का चारमीनार, तमिलनाडु का मीनाक्षी मंदिर, कर्नाटक का हम्पी का पत्थर रथ और केरल का नेपियर म्यूजियम हैं। वहीं, उत्तर-पूर्वी भारत के क्लस्टर में असम का कामाख्या मंदिर, मेघालय का लिविंग रूट ब्रिज और नागालैंड का पारंपरिक द्वार भी हैं।
क्या क्या रहेंगी सुविधाएं
मिनी इंडिया जोन में भोजन के लिए क्षेत्रीय व्यंजनों के फूड कियोस्क, सुवेनियर की दुकानें, खूबसूरती से सजाए गए प्लाजा और पैदल चलने के रास्ते शामिल होंगे। इसके अलावा, एक खूबसूरत वॉटर चैनल में नाव की सवारी की सुविधा भी रहेगी।
NBCC लिमिटेड द्वारा किए जा रहे इस परियोजना में अंतिम चरण के काम में नौ प्लाजा, फूड स्टॉल, दो पैदल पुल, नौकायन ट्रैक और सिंचाई सिस्टम शामिल है। साथ ही, चार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी जारी है। इस पार्क की लाइटिंग के लिए एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। आपातकालीन बिजली की भी व्यवस्था की गई है ताकि पर्यटकों की सुरक्षा बनी रहे। स्मारकों की बाहरी बनावट के लिए प्राकृतिक पत्थर, मार्बल और कृत्रिम कीमती पत्थरों के विकल्प बनाए गए हैं जो दिल्ली के मौसम का सामना कर सकें।
द्वारका का नया सांस्कृतिक हब
भारत वंदना पार्क को द्वारका का एक प्रमुख सांस्कृतिक और मनोरंजन केंद्र बनाने की योजना है। यह पार्क खुले थिएटर, शिल्प बाजार, फूड कोर्ट, पार्किंग और सुंदर बगानों से सजा होगा। “मिनी इंडिया” इस पार्क का मुख्य आकर्षण होगा, जो भारत की विविधता और सांस्कृतिक धरोहर को एक जगह पर लाकर दर्शाएगा। यह जोन के पूरा होने के बाद यह क्षेत्र दिल्ली के द्वारका को एक प्रमुख सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेगा और बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
