Delhi News: बीते दिनों शकरपुर में हथियारों के बल पर एक सीए के कार्यालय में हुई लाखों रुपये लूटपाट के मामला का दिल्ली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को सीएम के एक कर्मचारी ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दिल्ली पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ ने इस मामले को सुलझाते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपितों की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी आरोपी कर्मचारी अमन दुबे, अलीगढ़ निवासी ललित कुमार, पुष्पक सिंह और सचिन ठाकुर के तौर पर हुई है।
चोरी का आरोपी पकड़ा गया (फोटो- BCCL)
बता दें कि, इन आरोपियों ने 20 सितंबर को शकरपुर स्कूल ब्लॉक में दिनदहाड़े सीए के ऑफिस में घुसकर हथियारों के बल पर 9 लाख रुपये लूट लिए थे। उस समय यह कैश सीए के चालक विजेंदर कुमार के पास था और विजेंदर ने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी अमन के पास से पुलिस ने लूटी गई रकम में से 6.26 लाख रुपये और लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बाकि आरोपियों से भी पूछताछ कर रकम बरामदगी की कोशिश की जा रही है।
टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एसीपी ऑपरेशन पंकज अरोड़ा ने बताया कि, वारदात के बाद स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर सतेंद्र खारी की टीम ने सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पता लगाया कि इस लूट में तीन आरोपित शामिल थे। इनमें से एक आरोपित ऑफिस के बाहर बाइक पर इंतजार करता दिखा, जबकि दो ने लूटपाट को अंजाम दिया। इसके बाद सीए के कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद सभी के मोबाइलों की भी टेक्निकल सर्विलांस के जरिये जांच की। जिसमें पता चला कि आरोपी कर्मचारी अमन दुबे ने उस दिन अपने मोबाइल से चुनिंदा नंबरों पर कई बार कॉल किया था। इसके बाद जब उसे हिरासत में लेकर सख्त पूछताछ की गई तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया। साथ ही अपने तीनों साथियों के बारे में भी बता दिया। इस कर्मचारी ने ही लूट की योजना बनाकर उसमें अपने साथियों को शामिल किया था। पुलिस ने तीनों को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है। इन आरोपितों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
