दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आबकारी घोटाला मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद सोमवार को दावा किया कि उन पर आम आदमी पार्टी (आप) छोड़ने का दबाव बनाया गया था और दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की पेशकश की गयी थी। सिसोदिया से इस मामले में सीबीआई ने नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की है।
मनीष सिसोदिया ने सीबीआई दफ्तर से निकले ही बेहद सनसनीखेज दावा किया
सिसोदिया ने पूछताछ के बाद पत्रकारों से कहा, 'भाजपा कहती है कि आबकारी घोटाला 10,000 करोड़ रुपये का है। मैंने सीबीआई कार्यालय में पाया कि कोई घोटाला नहीं है और मामला फर्जी है। मेरे खिलाफ फर्जी मामला भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ को दिल्ली में सफल बनाने का षड्यंत्र है।' उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर आप छोड़ने के लिए दबाव डाला गया।
Addressing the Media | LIVE t.co/HNOy986xM5
— ANI (@ANI) Oct 17, 2022
'मुझे दिल्ली का मुख्यमंत्री पद पाने या जेल की सजा काटने की पेशकश'
उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'आप छोड़ने के लिए मुझ पर दबाव डाला गया। मुझे दिल्ली का मुख्यमंत्री पद पाने या जेल की सजा काटने की पेशकश की गयी।' सिसोदिया ने दावा किया कि सीबीआई अफसरों ने कहा कि वो आप छोड़कर बीजेपी में आ जाएं, AAP में रहने पर उन्हें मुकदमे झेलने पड़ेंगे जबकि बीजेपी उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बना देगी।
'जैन जब झूठे केस में जेल जा सकते हैं तो आप कैसे बच जाओगे'
सिसोदिया ने दावा किया कि सीबीआई अफसरों ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का हवाला देकर डराया और कहा कि सीबीआई अफसरों ने कहा कि जैन जब झूठे केस में जेल जा सकते हैं तो आप कैसे बच जाओगे।
'मनीष सिसोदिया के बयान की पुष्टि की जाएगी'
वहीं इसके उलट सीबीआई ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के इस आरोप का कड़ाई से खंडन किया कि उन्हें उनका राजनीतिक दल छोड़ने के लिए धमकाया गया। केंद्रीय जांच एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि सीबीआई ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पेशेवर और कानूनी तरीके से पूछताछ की।सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बयान की पुष्टि की जाएगी और जांच की जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
