केजरीवाल की सभी दलों, केंद्र व राज्य सरकारों से बाढ़ पीड़ित पंजाब की मदद करने की अपील

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सभी दलों, केंद्र व राज्य सरकारों से बाढ़ पीड़ित पंजाब की मदद करने की अपील की है। केजरीवाल ने कहा कि ‘‘आप’’ के सभी सांसद-विधायक अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान करेंगे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को देश के सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और खासकर केंद्र सरकार से बाढ़ की मार झेल रहे पंजाब की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ के सभी सांसद व विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान कर रहे हैं। पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों समेत ‘‘आप’’ के सभी कार्यकर्ता दिन-रात जमीन पर राहत कार्य में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि देश पर आई किसी भी मुसीबत के सामने पंजाब हमेशा सीना तानकर खड़ा रहा है। लेकिन आज पंजाब संकट में है। मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लोगों की हर संभव मदद करें। आइए, हम सब राजनीति से ऊपर उठाकर इंसानियत का धर्म निभाएं और पंजाब को इस भयानक त्रासदी से उबारें।

aap kejriwal

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (फोटो- AAPkaArvind)

मंगलवार को अरविंद केजरीवाल बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के लोगों की मदद की अपील के साथ एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि पंजाब हमारे देश का केवल एक राज्य नहीं है, बल्कि हिन्दुस्तान की एक मजबूत ढाल है। इतिहास गवाह है कि जब भी कोई विदेशी हमलावर हमारे देश की ओर बढ़ा तो पंजाब ने अपनी छाती पर पहला वार झेला। भारत में जितने भी हमले हुए, उन सभी को पंजाब ने अपने सीने पर झेल कर पूरे भारत की रक्षा की। हर मुश्किल घड़ी में पंजाब हमेशा सबसे आगे खड़ा रहा। यह वही पंजाब है, जिसने आजादी के यज्ञ में अपने सबसे ज्यादा बेटों की आहुति दी थी और सरहदों की हिफाजत के लिए अनगिनत शहादतें दी। आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा फांसी पंजाबियों को हुई और पंजाबी सबसे ज्यादा काला पानी गए। इस मिट्टी के कण-कण में मर-मिटने का जज्बा है।

End of Feed