Delhi Fog Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर गुरुवार की सुबह से घने कोहरे की चादर से ढका हुआ है। पूरे उत्तर भारत में सुबह कोहरे के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने अपने पूर्वानूमान में दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। क्योंकि, शहर के कई इलाकों में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की जा रही है। गौर करें तो इस सीजन में बुधवार सबसे घना कोहरा दिल्ली और एनसीआर में देखने को मिला। दिल्ली के आनंद विहार, अक्षरधाम, NH 24 , मयूर विहार में 25 मीटर से भी कम विजिबिलिटी देखी जा रही है। लिहाजा, मौसम विभाग ने आज सुबह 10:30 बजे तक के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जबकि, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी भीषण कोहरे को देखते हुए पहले से अलर्ट जारी है।
दिल्ली में कोहरे के कारण रेड अलर्ट
विजिबिलिटी बेहद कम
बुधवार के मुकाबले गुरुवार को भी दिल्ली के इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम है। इसकी वजह से वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में आज विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक दर्ज की जा रही है। कोहरे और लो विजिबिलिटी के कारण नई दिल्ली से आने और जाने वाली ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं। इसके अलावा, कोहरे के कारण दिल्ली में कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। दरअसल, उत्तर-पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवा चलने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जो आज रेड में तब्दील हो गया।नए साल पर कोहरे का पहरा
आपको बता दें कि नए साल पर दिल्ली में कोहरा रहने का अनुमान है। इसके अलावा 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश होने की भी संभावना है। वहीं, दिल्ली में पारा गिरने के कारण लोग रैन बसेरों में शरण ले रहे हैं। लोधी रोड क्षेत्र समेत कई रैन बसेरों में शरण लेकर लोग खुद को सर्दी से बचा रहे हैं। पंजाब के बठिंडा शहर में घने कोहरे की चादर छाई हुई है। वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। आपको बता दें कि बुधवार को कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे से लेकर कई शहरों में सड़क हादसे हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
