Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में देर रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नवीन शाहदरा स्थित पुलिस क्वार्टर के पास हुई इस वारदात में एक मामूली कहासुनी में गोलियां चल गईं। एक युवक इस गोली बारी में गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे चार गोलियां लगी हैं। घायल का इलाज चल रहा है।
दिल्ली के शहादरा की घटना
क्या है मामला
पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:07 बजे हुई जब 27 वर्षीय अखिल पंवार नाम के एक शख्स का दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पिस्तौल निकाल कर अखिल पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल अखिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
आरोपी भाई वारदात के बाद से फरार
इस फायरिंग के पीछे जिन दो युवकों का नाम सामने आया है, उनकी पहचान सौरव नागर और गौरव नागर के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और मोहन पार्क, नवीन शाहदरा के निवासी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
झगड़े की वजह बनी गाली-गलौज
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत गाली-गलौज को लेकर हुई थी। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मामला किसी पुरानी रंजिश या और किसी गहरे कारण से तो जुड़ा नहीं है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
