Delhi Flood Update: दिल्ली में फिर बाढ़ का खतरा! यमुना का पानी एक बार फिर खतरे के निशान पार

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jul 21, 2023, 10:31 PM IST

Delhi Flood Update: दिल्ली में यमुना का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर पहुंचा गया है। दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों पर नजर रखने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है।

Delhi Flood Update: देश की राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा एक बार फिर मंडरा रहा है। क्योंकि यमुना का जल स्तर फिर ऊपर चढ़ने लगा है। दिल्ली में यमुना का जल स्तर शुक्रवार को एक बार फिर 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर गया। इससे बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास में देरी हो सकती है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार (21 जुलाई) शाम 6 बजे यमुना का जल स्तर 205.34 मीटर तक पहुंच गया और रात 11 बजे तक इसके 205.45 तक पहुंचने की संभावना है। पिछले आठ दिनों से खतरे के निशान से ऊपर बहने के बाद मंगलवार की रात 8 बजे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया था। यह बुधवार सुबह 5 बजे घटकर 205.22 मीटर रह गया, जिसके बाद जलस्तर में फिर से वृद्धि होने लगी और यह खतरे के निशान के ऊपर बहने लगा।

delhi flood update, yamuna water level

दिल्ली में यमुना का पानी एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर (तस्वीर-PTI)

इस पूर्वानुमान के बाद दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों पर नजर रखने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है। अधिकारियों को तटबंध के समीप रह रहे लोगों को चेतावनी जारी करने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का इंतजाम करने की सलाह भी दी गई है। यमुना का जलस्तर 13 जुलाई को 208.66 मीटर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कम हो रहा था। दिल्ली में बाढ़ का असर बेहद विनाशकारी रहा और 27000 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा।

End of Feed