Delhi Fire News: उत्तरी दिल्ली के व्यस्त सदर बाजार इलाके में एक आवासीय इमारत में आग लग गई। आग लगने से दो बहनों की दम घुटने से मौत हो गई। हालांकि, अब आग पर काबू पा लिया गया है।
घर में लगी आग।
अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमारे पास रात दो बजकर सात मिनट पर आग लग जाने के बारे में फोन आया। पांच दमकल गाड़ियां भेजी गई। उन्होंने कहा कि आग एक घर में लगी थी। वहां दमकलकर्मियों ने कुछ लोगों को बचाया। हमने पुलिस को भी सूचना दी।
आग पर काबू पाया गया
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) मनोज कुमार मीणा ने बताया कि सदर बाजार थाने के अधिकारियों के पास आग लग जाने के बारे में फोन आया और वे जल्द ही मौके पर पहुंच गये। उन्होंने बताया कि सदर बाजार के चमेलियान रोड पर एक मकान आग की लपटों में घिरा था तथा चार दमकल गाड़ियों ने आग को काबू में लाया।
हादसे में दो बहनों की मौत
उन्होंने बताया कि मकान में धुंआ भरा था तथा बचाव दल गैस मास्क लगाकर काफी मशक्कत के बाद अंदर पहुंच पाये। मीणा ने बताया कि दो लड़कियों-- गुलशन (14) तथा अनाया (12) पहले तल पर स्नानघर में फंसी थी, जिन्हें निकालकर अस्पताल ले जाया गया और वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि स्नानघर में फंसी दोनों लड़कियों को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
