पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना क्षेत्र की कोढ़ी कॉलोनी में रविवार रात एक भयावह आग ने दो लोगों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि भू-तल पर बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकलकर पास खड़ी आर15 बाइक में आग लग गई। इसी दौरान, दो ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्ज हो रहे थे, जिनकी बैटरियों के फटने से आग और तेजी से फैल गई।
पूर्वी दिल्ली में भीषण आग से हादसा (सांकेतिक फोटो)
ऊपरी मंजिल पर मौजूद सात लोग सुरक्षित निकलने में सफल रहे, लेकिन शशि और बुजुर्ग रिक्शा चालक बबलू इस दुर्घटना में जान गंवा बैठे। दमकल विभाग की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। नंद नगरी थाना पुलिस ने दोनों शवों को जीटीबी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, शशि अपने परिवार के साथ दो मंजिला मकान में रहता था, जबकि बबलू बेघर थे और कभी-कभी शशि का रिक्शा चलाते थे। घटना के समय दोनों भू-तल पर सो रहे थे, जब अचानक बिजली के पैनल से उठी चिंगारियों ने इस भयावह हादसे को जन्म दिया। परिवार ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
