Delhi Fire Incident: दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच आए दिन आग की घटनाएं देखने को मिल रही है। आज दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर में आई7 चौधरी आई सेंटर में आग लग गई। जिसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर 16 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं और आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। आग इतनी भयानक थी कि धुआं दूर से ही दिख रहा है।
दिल्ली के लाजपत नगर में आग की घटना (फोटो साभार - ANI)
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी के अनुसार इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे आग लगने के बारे में सूचना मिली और घटनास्थल पर दमकल की 12 गाड़ियों को भेजा गया है। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। घटनास्थल पर गाड़ियों की संख्या अब 16 हो गई है।
आग लगने की वजह नहीं आई सामने
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा कि विनोबा पुरी मेट्रो स्टेशन के पास, लाजपत नगर-4 में आई-7 हॉस्पिटल में आग लगने की सूचना मिली। गर्ग ने कहा, "कुल 16 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गई और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।" फायर ब्रिगेड प्रमुख ने आगे कहा कि आग बुझाने का काम जारी है। अभी तक पता नहीं चला है कि आग क्यों लगी। आग बुझाने के बाद ही इसकी जानकारी सामने आएगी। बता दें कि हाल ही में दिल्ली के विवेक विहार में एक बेबी केयर सेंटर में आग लगने से सात बच्चों की मौत हो गई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
