दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के लोग पिछले कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं। दिन में आसमान से मानो आग बरस रही है और झुलसाने वाली गर्मी दम निकाल रही है। रात को भी चैन की सांस नहीं मिल रही। रात में भी गर्मी सोने नहीं दे रही है। ऐसे में लोग आसमान की तरफ टकटकी लगाकर बारिश का इंतजार कर रहे हैं। दिल्लीवासियों और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अब बड़ी राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार तय समय से 10 दिन पहले ही राजधानी दिल्ली पहुंच सकता है। बता दें कि आमतौर पर मानसून 30 जून के आसपास दिल्ली पहुंचता है, लेकिन इस बार यह जून के तीसरे सप्ताह में ही दस्तक दे सकता है।
दिल्ली में कब होगी मानसूनी बारिश (फोटो - AI Image)
कहां अटक गया मानसून?
केरल तट पर तय समय से करीब 8 दिन पहले ही पहुंचने के बाद मानसून में एक ठहराव सा आ गया था। लगभग 10 दिनों के ठहराव के बाद मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार से दक्षिण भारत के कई हिस्सों जैसे केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, कोंकण और महाराष्ट्र में भारी बारिश का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह तेजी अब उत्तर भारत की ओर बढ़ेगी और अन्य इलाकों को जल्द ही कवर करेगी।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में कब होगी बारिश?
भारत मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक, मानसून की दूसरी लहर अगले सप्ताह पूर्वी भारत जैसे कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंच जाएगी। वहां से यह धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। यानी यहां से मानसून दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेरठ, बुलंदशहर की तरफ बढ़ा शुरू कर देगा।
ये भी पढ़ें - गोवा का पुराना नाम क्या है? आप शायद ही अंदाजा लगा पाएं
दिल्ली कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मानसून 19 से 25 जून के बीच दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब तक भी पहुंच जाएगा। पिछले कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी के बाद अब दिल्ली में मानसूनी गतिविधियों के संकेत दिखने लगे हैं। हवा में नमी बढ़ गई है और आने वाले दिनों में बेमौसम गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। आज यानी शुक्रवार 13 जून को भी दिन में प्रचंड गर्मी पड़ेगी, लेकिन शाम को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।
तापमान कितना रहा?
कल यानी गुरुवार 12 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी ऊपर है। बीते दो हफ्तों से दिल्ली में हीट वेव की चेतावनी जारी थी। हालांकि, अब राहत मिलने की उम्मीद बंधने लगी है। 14 से 17 जून के बीच दिल्ली में तापमान गिरकर 37 से 42 डिग्री के बीच आ सकता है, साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
दिल्ली में प्री-मानसून बारिश कब होगी?
कई दिनों से प्रचंड गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों को मानसून की इस जल्दी दस्तक से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बढ़ती नमी, प्री-मानसून बारिश और हवाओं की वजह से भी तापमान में गिरावट आएगी और वातावरण में ताजगी महसूस होगी। लोगों को अब तेज धूप और हीटवेव से छुटकारा मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर इस साल मानसून का जल्द आना दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए राहत की सौगात लेकर आ रहा है। इससे न सिर्फ तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, बल्कि जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों को भी इसका फायदा मिल सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
