Delhi School Bomb Threat: दिल्ली में एक फिर से स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। द्वारका सेक्टर 23 के डीपीएस स्कूल को धमकी भरा ई-मेल आया है। स्कूल को यह मेल बीती रात को भेजा गया है। दिल्ली दमकल विभाग को पीसीआर से इस बारे में जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
दिल्ली
जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
डीपीएस की ओर से शुक्रवार सुबह करीब 5.15 बजे फायर डिपार्टमेंट को इसकी जानकारी दी गई है। इसके तुरंत बाद फायर विभाग और दिल्ली पुलिस की एक टीम स्कूल कैंपस में पहुंचीं और जांच शुरू की। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद स्कूल प्रबंधक ने अभिभावकों को इस घटना की जानकारी देकर बच्चों को स्कूल नहीं भेजने के लिए कहा। आज बच्चों की क्लास ऑनलाइन होगी।
10 दिन में चौथा मामला आया सामने
पिछले कुछ दिनों से लगातार दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। यह 10 दिन में चौथा मामला है, जब दिल्ली के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले 17 दिसंबर को दक्षिण दिल्ली और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के 2 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इससे पहले 9 दिसंबर को दिल्ली के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद बच्चों को घर भेज दिया गया था। लेकिन, जब दिल्ली पुलिस सहित अन्य जांच टीम जांच के लिए पहुंची थी, तो धमकी को लेकर किसी भी प्रकार का संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया था।
वहीं, मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की मिल रही धमकियों को लेकर कहा था, "दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिंता नहीं है। हमारी मांग है कि अमित शाह दिल्ली की और ध्यान दें।" इससे पहले 'आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी थी। जिसमें स्कूलों को भेजी जा रहे कॉल्स और ईमेल का भी जिक्र था।
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
