Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25-October-2025: दिल्ली-एनसीआर के लोग इन दिनों प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच चुकी है। सुबह के समय आसमान में धुंध की चादर छा रही है। दिवाली के बाद प्रदूषण के साथ ही ठंड में भी इजाफा हुआ है। सुबह और शाम के समय से हल्की ठंड का एहसास बढ़ गया है। दिन में सूरज की तपिश अभी भी महसूस हो रही है। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की भी संभावना है। दरअसल हिमालयन रीजन में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। जिसका प्रभाव दिल्ली के मौसम में देखने को मिल सकता है। इससे तापमान में भी गिरावट हो सकती है।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। रविवार को भी सुबह के समय मौसम साफ रह सकता है। हालांकि शाम होते-होते हल्के बादल छा सकते हैं। साथ ही सुबह के समय धुंध छाए रहने की भी संभावना है। 27 और 28 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। सुबह और देर रात के समय हल्की धुंध या कोहरा भी छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 17 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दिन रिज, पाल, लोधी रोड और आयानगर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दिल्ली में कितना है AQI
दिल्ली और आसपास के शहरों में हवा जहरीली बनी हुई है। सीपीसीबी के अनुसार आज सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 255 रहा। इस दौरान कई इलाकों में एक्यूआई 300 के ऊपर भी रहा। वहीं आनंद विहार का एक्यूआई 400 पार दर्ज किया गया। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक्यूआई 243, नोएडा में 239, ग्रेटर नोएडा में 258, गुरुग्राम में 248 और फरीदाबाद में 255 दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
