Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली NCR में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14-September-2025: दिल्ली-NCR में मानसून की रफ्तार अब सुस्त पड़ गई है। बीते कई दिनों से राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश नहीं हुई है, जिसकी वजह से पारा चढ़ने के साथ-साथ उमस ने भी लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में दिख रही बूंदाबादी की उम्मीद
आज दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
आज सफदरजंग मौसम विभाग केंद्र ने अनुमान जताया है कि आज दिल्ली में हल्की बारिश देखी जा सकती है। इसके कारण बढ़ा हुआ पारा भी कुछ लुढ़केगा। आज राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
अगले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को राजधानी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले पांच दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि सोमवार और मंगलवार को मौसम लगभग इसी तरह बना रह सकता है और तापमान में केवल एक-दो डिग्री की गिरावट की संभावना जताई गई है।
गुरुग्राम का मौसम
गुरुग्राम के मौसम की बात करें तो शहर का आसमान आज लगभग साफ रहेगा। थोड़ी बहुत बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है। अधिकतम तापमान में आज एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। आज गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली NCR में बिगड़ा AQI
बारिश थमने का असर राजधानी की हवा पर भी साफ दिखाई दे रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार रविवार सुबह 6:30 बजे दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 101 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो फरीदाबाद में AQI 105, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में 108, गाजियाबाद में 93 और नोएडा में 99 अंक रहा।
कुछ इलाकों में ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के 13 क्षेत्रों में AQI स्तर 100 से ऊपर और 200 के बीच बना हुआ है, जबकि अन्य इलाकों में यह 100 से नीचे दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में हल्की बारिश होने पर वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
