Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-June-2025: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। दिन में तेज धूप के साथ ही लू के थपेड़े पड़ रहे हैं। तापमान भी आसमान छू रहा है। राजधानी में सिर्फ दिन ही नहीं बल्कि रात में भी गर्मी से बुरा हाल है। गर्मी के चलते लोग सुकून से सो नहीं पा रहे हैं। भीषण गर्मी के चलते गुरुवार को दिल्ली में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया। इस दौरान कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि आज शाम से दिल्ली के मौसम में बदलाव होने की उम्मीद है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज भी उमस और गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, साथ ही लू की स्थिति भी कई हिस्सों में जारी रह सकती है।आज गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आज बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है और शाम के समय गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
आज शाम से बदलेगा मौसम
दिल्ली में 14 जून से तापमान में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है और तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 14 ओर 15 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही तेज हवाओं संग हल्की से बहुत हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की भी संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। राजधानी में 16 से 18 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ आंधी के कारण गर्मी से राहत की उम्मीद है। आईएमडी ने संकेत दिया है कि 13 जून के बाद लू चलने के आसार नहीं है।
दिल्ली में दिनभर रहा लू का आलम
दिल्ली में गुरुवार को मौसम बेहद गर्म रहा और दिनभर लू के थपेड़े लोगों को झेलने पड़े। कूलर के बावजूद गर्मी और पसीने से राहत नहीं मिली।इस दौरान मुंगेशपुर में तापमान सबसे अधिक 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद रिज और आयानगर दोनों में 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सफदरजंग और पालम में भी अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इसके अलावा पीतमपुरा में 43.1 डिग्री सेल्सियस, मयूर विहार में 41.2 डिग्री सेल्सियस, राजघाट में 40.8 डिग्री सेल्सियस और नजफगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। आईएमडी ने बताया कि सभी स्थानों में तापमान सामान्य से तीन- चार डिग्री अधिक था। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था और आर्द्रता का स्तर 39 प्रतिशत से 73 प्रतिशत के बीच रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
