Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04-November-2025: दिल्ली-एनसीआर में ठंड धीरे-धीरे पैर पसार रही है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। लोगों के घरों में एसी-कूलर के बाद अब पंखे भी बंद होने लगे हैं। सुबह के समय लोग स्वेटर और शॉल में भी नजर आने लगे हैं। हालांकि दिन में धूप अभी भी हल्की गर्मी का एहसास करा रही है। लेकिन जल्द ही ठंड बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान 14 डिग्री तक नीचे लुढ़क सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 4 नवंबर को नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से दिल्ली में भी तापमान में गिरावट होने और ठंड बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में इन दिनों लोग प्रदूषण का प्रकोप भी झेल रहे हैं। राजधानी स्मॉग के साए में घिरी हुई है। आज सुबह भी दिल्ली में एक्यूआई बेहद खराब स्तर पर दर्ज किया गया।
दिल्ली में मौसम और प्रदूषण का हाल (फाइल फोटो |istock)
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। सुबह हल्की ठंड का एहसास होगा। दिन के समय धूप निकलने की भी संभावना है। शाम ढलने के साथ ही तापमान में भी गिरावट होगी और मौसम में फिर से ठंडक का एहसास घुल जाएगा। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में रिज रहा सबसे ठंडा इलाका
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान दिल्ली का सबसे ठंडा इलाका रिज रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा पालम में 20.4 डिग्री, लोधी रोड में 19.2 डिग्री और आया नगर में 19.5 डिग्री न्यूनतम पारा रहा।
दिल्ली में कब बढ़ेगी ठंड
दिल्ली में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। राजधानी में 5 से 9 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने की भी संभावना है। आगामी दिनों में हवा की रफ्तार हल्की से मध्यम रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम मुख्यत: साफ रहने की संभावना है। कभी-कभी बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है। वहीं सुबह और देर रात के समय धुंध या कोहरा छाया रह सकता है।
दिल्ली में आज कितना है AQI
दिल्ली में आज सुबह भी प्रदूषण के साय में सुबह की शुरुआत हुई। कई इलाकों में धुंध की परत देखने को मिली। आज सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 309 दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे अधिक एक्यूआई अलीपुर में 421 रहा। वहीं एनसीआर में नोएडा का एक्यूआई 329, ग्रेटर नोएडा का 318, गुरुग्राम का 218, फरीदाबाद का 195 और गाजियाबाद 375 दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
