Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 December-2025: दिल्ली-एनसीआर में आज सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। सोमवार सुबह राजधानी में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। दिल्ली में अब सुबह और रात के साथ ही दिन में भी ठंड जोर पकड़ने लगी है। रविवार को राजधानी में नवंबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। बीते दिन यहां 24.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही ठंड भी बढ़ने की संभावना है। वहीं प्रदूषण की बात करें तो आज सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 301 दर्ज किया गया, जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ होने की संभावना है। दिन में धूप निकलने के भी आसार हैं। आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, इसमें सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान पालम में न्यूनतम पारा पालम 7.6 डिग्री, लोधी रोड में 5.8 डिग्री, रिज में 7.5 डिग्री और आयानगर में 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आने वाले दिनों मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 4 दिसंबर तक मौसम साफ और शुष्क रहने के आसार हैं। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। 5 दिसंबर को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 5 दिसंबर तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 6 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है।
दिल्ली में नवंबर का सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में रविवार को सुबह की शुरुआत हल्की धुंध के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ ही धुंध छंट गई और धूप निकल आई। लेकिन बादलों की आवाजाही के कारण धूप कमजोर रही। जिस कारण अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। रविवार को दिल्ली के सफरदजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में पिछले 5 साल में नवंबर का सबसे सर्द दिन
दिल्ली में रविवार का दिन पिछले 5 साल में नवंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले साल सबसे कम अधिकतम तापमान 18 नवंबर को 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रात के तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार को रात के समय न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक कम गया, जो पिछले 3 साल में सबसे कम रहा। आंकड़ों के अनुसार, इस साल दिल्ली में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले साल यह 9.5 डिग्री सेल्सियस और 2023 में 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
