राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर इलाके में बुधवार शाम आई आंधी और बारिश के कारण बहुत तबाही हुई और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसका असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। बताया जा रहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 13 फ्लाइटों को आंधी-तूफान की स्थिति देखते हुए डायवर्ट किया गया। बता दें कि दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम की स्थिति देखते हुए उड़ाने आज भी बाधित रहेंगी।
आंधी-तूफान के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से 13 फ्लाइट डायवर्ट
दिल्ली एयरपोर्ट से 13 उड़ानों को किया गया डायवर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को आंधी-बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से 12 उड़ानों को जयपुर डायवर्ट किया गया, जबकि एक फ्लाइट मुंबई की ओर डायवर्ट की गई।
इंडिगो और स्पाइसजेट ने जारी किया बयान
बता दें कि मौसमी स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता में भारी बारिश और आंधी के चलते उड़ान अनुसूची यानी फ्लाइट शेड्यूल वर्तमान में प्रभावित रहेगा। वहीं स्पाइसजेट ने भी एक्स के माध्यम से यात्रियों के लिए सूचना जारी की, जिसमें लिखा गया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण सभी प्रस्थान/आगमन और परिणामी उड़ाने प्रभावित हो सकती हैं। पोस्ट में लिखा गया कि भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे पर यातायात की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
आज शाम तक प्रभावित रहेगी फ्लाइट सेवा
दिल्ली एयरपोर्ट के संचालक डायल ने राजधानी में खराब मौसम की स्थिति और आंधी को देखते हुए फ्लाइट संचालन प्रभावित हो की जानकारी दी है। इस बीच एयर इंडिया ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा की मौसम की स्थिति को देखते हुए आज शाम तक दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित रहेंगी। लोगों को इस दौरान थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वह यात्रा की योजना बनाने से पहले मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए अपडेट्स पर ध्यान रखे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
