Delhi Rain: दिल्ली में सोमवार शाम एक बार फिर से मौसम ने करवट बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। सोमवार को लगभग पूरे दिन बादल आसमान में छाए हुए थे, जिसके बाद शाम में बूंदा-बांदी हुई और सात बजे के बाद बारिश शुरू हो गई।
दिल्ली में फिर से शुरू हुई बारिश
तापमान में गिरावट की उम्मीद
दिनभर मौसम सुहावना रहने के बाद आज दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। दिन का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता का स्तर 48 प्रतिशत से 94 प्रतिशत के बीच रहा। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।
शनिवार से बारिश
बता दें कि दिल्ली में शनिवार को भी बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। जिससे अधिकतम तापमान मौसम के औसत से पांच डिग्री कम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है।
मंगलवार का हाल
मौसम विभाग ने कल यानि कि मंगलवार 21 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। बारिश से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी मामूली सुधार हुआ है। शाम 4 बजे, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 154 दर्ज किया गया।
उड़ानों पर असर
खराब मौसम और राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण सोमवार को दिल्ली आने वाली कम से कम 11 उड़ानों को डायवर्ट किया गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार, 11 उड़ानों में से आठ उड़ानें जयपुर डायवर्ट की गईं, जबकि तीन उड़ानें लखनऊ डायवर्ट की गईं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
