Delhi: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की समस्या पर लगाम लगाने का काम अब मिनी बायोडायवर्सिटी पार्क करेंगे। दिल्लीवासियों को अगले एक साल में कई मिनी बायोडायवर्सिटी पार्क की सौगात मिलेगी। इसके लिए दिल्ली पीडब्ल्यूडी ने प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। जिसके तहत स्ट्रीट स्केपिंग प्रोजेक्ट अब मिनी बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में डेवलप होंगे। इसके अलावा दिल्ली के हर सैंपल स्ट्रेच में तितली पार्क भी बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार इन पार्कों में ऐसे पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे, जिन पर आकर्षित होकर तितलियां आती हैं। साथ ही इन पार्कों में ऐसे पेड़ पौधे भी लगाए जाएंगे जिनमें औषधीय गुण होते हैं।
मिनी बायोडायवर्सिटी पार्क (तस्वीर-Canva)
इसके पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पीडब्ल्यूडी अभी वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला रोड, वजीराबाद और सूरजमल विहार के सैंपल स्ट्रेच में तितली पार्क बनाने जा रहा है। यह कार्य जनवरी माह से शुरू हो जाएगा। इन प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद अरविंदो रोड, चिराग दिल्ली और नेहरू नगर के सैंपल स्ट्रेच पर तितली पार्क डेवलप किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि इन प्रोजेक्ट के पूरा होने पर दिल्ली में हरियाली तो बढ़ेगी और प्रदूषण कम होगा। साथ ही लोगों को अपने घर के आस-पास अच्छा पिकनिक स्पॉट भी मिल जाएगा।
रिंग रोड पर बन रहा 9 किमी लंबा सैंपल स्ट्रेच, मिलेंगी ये सुविधा
पीडब्ल्यूडी के अनुसार अभी रिंग रोड पर मोती बाग से लेकर मायापुरी के बीच नौ किलोमीटर लंबा राजधानी का सबसे बड़ा सैंपल स्ट्रेच बनाया जा रहा है। इसे मॉडल रोड के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस पर लोगों को पार्क, फव्वारा, साइकिल ट्रैक, ओपन रेस्त्रां, ओपन थिएटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन, जनसुविधा केंद्र, ईवी बैटरी स्वाइपिंग स्टेशन, इनफार्मेशन कियोस्क, सेल्फी प्वाइंट, मिनी प्लाजा और छोटे-छोटे पार्क की सुविधा मिलेगी। यहां पर बच्चों के खेलने के लिए चिल्ड्रन प्ले जोन और ओपन जिम डेवलप किया जाएगा। यहां पर आने वाले बच्चों और बड़ों को प्रकृति के करीब लाने और उन्हें पेड़-पौधों, तितली, पक्षी और कीट-पतंगों से परिचित कराने के लिए ठीक वैसा ही वातावरण तैयार किया जा रहा है, जैसा जंगल में होता है। यहां पर जिन तितलियों को पाला, उनके बारे में संबंधित पूरी जानकारी फोटो के माध्यम से इनफार्मेशन कियोस्क पर प्रदर्शित भी किया जाएगा। ये पार्क बच्चों के लिए एक तरह से नेचर स्कूल की तरह होंगे।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
