Delhi News: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में दूषित पानी की आपूर्ति ने क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। पाकेट-बी 7 के आधे हिस्से में रहने वाले लोग करीब तीन महीने से नलों से गंदा पानी आने की शिकायत कर रहे हैं, जिससे उन्हें त्वचा संबंधी एलर्जी और पेट की बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। पीने और घरेलू कामों के लिए लोग बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं, जिससे उनके महीने का खर्च भी बढ़ गया है।
मयूर विहार में दूषित पानी की समस्या से हजारों लोग हो रहे हैं प्रभावित (सांकेतिक तस्वीर)
स्थानीय निवासी दावा कर रहे हैं कि उन्होंने अब तक दिल्ली जल बोर्ड को एक दर्जन से अधिक बार शिकायतें की हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। निराश होकर उन्होंने मुख्यमंत्री और जल मंत्री को ईमेल के जरिए शिकायतें भेजीं हैं।
लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में एक स्थान पर पाइपलाइन फटी हुई है, जहां से साफ पानी बहकर बाहर निकल रहा है और उसी जगह से गंदा पानी पाइपलाइन में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। यह स्थान कथित तौर पर अतिक्रमण की चपेट में है, जहां अवैध निर्माण कर लिया गया है। नगर निगम को भी इसकी जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दिल्ली जल बोर्ड के सहायक अभियंता ने स्थिति की पुष्टि करते हुए कहा कि पाकेट-बी 7 की समस्या की जानकारी ली गई है और संबंधित जूनियर इंजीनियर से रिपोर्ट मांगी गई है। यदि अतिक्रमण पाया गया, तो एसटीएफ के माध्यम से निर्माण को हटवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्थानीय निवासी लगातार समाधान की मांग कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि दिल्ली सरकार जल्द कार्रवाई करेगी ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
