Delhi: पत्‍नी ने की थी करोड़ों की धोखाधड़ी, नाराज पति ने घोंटा गला, ढाई माह पहले हुए थे जुड़वां बच्चे

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 22, 2022, 02:08 PM IST

Delhi: दिल्‍ली के उत्तर-पूर्वी जिले के हर्ष विहार इलाके में एक पति ने अपनी पत्‍नी का गला दबाकर हत्‍या कर दी। दोनों बीते सितंबर माह में जुड़वा बच्‍चों के अभिभावक बने थे। हत्‍या के इस मामले में पति ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पति ने पुलिस को बताया कि, उसकी पत्‍नी बेरोजगार लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी करती थी, उसने अब तक लोगों से करोड़ो रुपए ठगे। जिसकी वजह से उसकी हत्‍या कर दी।

KEY HIGHLIGHTS
  • मृतका कॉलोनी में ही चलाती थी एक प्लेसमेंट एजेंसी
  • आरोपी पति का कहना है कि, उसकी पत्‍नी करती थी धोखाधड़ी
  • पत्‍नी की धोखाधड़ी के शिकार लोग पति से मांगते थे अपने पैसे

Delhi: राजधानी के उत्तर-पूर्वी जिले के हर्ष विहार इलाके में एक युवक ने गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्‍या कर दी। इस हत्‍या के बाद आरोपी युवक ने खुद ही पुलिस को फोन कर हत्‍या करने की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक महिला की शिनाख्त 32 वर्षीय अर्चना के रूप में हुई है, वहीं आरोपी पति की पहचान 35 वर्षीय योगेश कुमार के तौर पर हुई है। इस घटना की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्‍या के आरोपी पति ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, उसकी पत्नी लोगों के साथ धोखाधड़ी करती थी। उसने नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए थे। पैसे देने वाले लोग रोजाना उसे घेरकर पैसे मांगते थे, जिससे वह परेशान हो गया था। इसलिए उसने अपनी पत्‍नी की हत्‍या कर दी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।

delhi crime

युवक ने गला घोंट कर, कर दी अपनी पत्‍नी की हत्‍या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्‍ली पुलिस के अनुसार, अर्चना परिवार के साथ सुशीला गार्डन के दुर्गा मंदिर वाली गली में रहती थी। परिवार में पति योगेश कुमार के अलावा करीब ढाई माह के जुड़वां बेटा व बेटी हैं। दोनों की शादी सात साल पहले हुई थी और बीते सितंबर माह में जुड़वां बच्‍चों ने जन्‍म लिया था। पुलिस जांच में पता चला है कि, अर्चना पहले आंगनबाड़ी वर्कर के तौर पर कार्य करती थी, लेकिन दो साल पहले उसने दुर्गापुरी चौक पर अपनी प्लेसमेंट एजेंसी खोल ली थी। वहीं, आरोपी पति योगेश अशोक नगर इलाके में साइबर कैफे चलाता है।

End of Feed