Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने राजधानी में अपने सफल मेट्रो संचालन के 20 साल पूरे करने पर रेड लाइन से सफर करने वाले यात्रियों को खास सुविधा दी है। दिल्ली मेट्रो ने रेड लाइन पर चलने वाली सभी ट्रेनों में 8 कोच लगाने का कार्य पूरा कर लिया है। अब इस रूट पर यात्रियों को सभी मेट्रो 8 कोच वाली मिलेंगी। अभी तक इस रूट पर सिर्फ 6 कोच वाली मेट्रो ही चलती थी। जिससे ऑफिस टाइम के समय सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। डीएमआरसी ने इस रूट पर चलने वाली मेट्रो में अतिरिक्त कोच लगाने का कार्य बीते नवंबर माह से शुरू किया था।
रेड लाइन पर अब 8 कोच की मेट्रो
बता दें कि 24 दिसंबर, 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने रेड लाइन पर शाहदरा और तीस हजारी के बीच पहली बार दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत की थी। तब से लेकर अब तक दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो का बड़ा नेटवर्क बन चुका है। बीते साल दिसंबर में दिल्ली मेट्रो के 20 साल पूरे होने पर इसके सबसे पुराने लाइन को अपडेट किया गया। डीएमआरसी ने रेड लाइन (लाइन -एक यानी रिठाला से शहीद स्थल न्यू बस अड्डा) पर चलने वाली सभी 39 छह कोच वाली ट्रेनों में दो-दो अतिरक्ति कोच जोड़कर उन्हें 8 कोच वाली ट्रेनों में परिवर्तन कर दिया है। मेट्रो ट्रेनों में इस बदलाव से यात्रियों को अब मेट्रो में सफर करते हुए धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।
प्रतिदिन 4.7 लाख यात्री करते हैं सफर :
बता दें कि, रेड लाइन पर चार इंटरचेंज स्टेशनों जैसे कश्मीरी गेट, वेलकम, इंद्रलोक और नेताजी सुभाष प्लेस है। इन सभी जगहों से प्रतिदिन इस लाइन पर करीब 4.7 लाख यात्री सफर करते हैं। यह लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे पुराना और सबसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर में से एक है। रेड लाइन पर पुल बंगश और पीतमपुरा नाम के दो और स्टेशन भी इस लाइन से जोड़े जा रहे हैं। जिसके बाद इस लाइन पर छह इंटरचेंज स्टेशन हो जाएंगे। बता दें कि, 20 वर्ष के दौरान दिल्ली मेट्रो की लाइनों के विस्तार के बाद अब 10 लाइनों पर मेट्रो चल रही है। दिल्ली मेट्रो अब 391 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क के साथ 286 स्टेशन पर यात्रा सुविधा दे रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
