Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में मौसमी उतार चढ़ाव के बीच चिलचिलाती धूप ने पारा आसमान में पहुंचा दिया है। शनिवार को आसमान से आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी मौसम को सुहावना कर सकती है। उधर, बदलते मौसम के कारण सुबह गुलाबी ठंड राहत दे रही है, लेकिन सुबह के 7 बजते ही सूरज तपिश बढ़ा रहा है। अप्रैल के शुरुआती दिनों में बादलों की आवाजाही से धूप-छांव का दौर जारी है। आलम यह है कि लोग पंखे और कूलर के साथ एसी का प्रयोग कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहेगा। उधर, लगातार बदलते मौसम को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। अस्पतालों की ओपीडी में मौसमी बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में ऐसा रहेगा तापमान
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हालांकि, शनिवार से लेकर अगले 3 दिन तक मौसम साफ नजर आएगा। रविवार को तेज धूप निकलेगी, जो तपिश बढ़ा सकती है। शनिवार को भी न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यानी कल के मुकाबले आज एक डिग्री सेल्सियस पारा ऊपर आया है।NCR में 3 दिन मौसम रहेगा कूल
राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत कई क्षेत्रों में दिन में हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में कोई गिरावट तो नहीं आएगी, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने से चिलचिलाती धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिल जाएगी। वहीं, हवा की बात करें तो आज दिन में 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह सकती है। उधर, मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक दिन के तापमान में स्थिर होने की बात कही है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। लिहाजा, बारिश का दौर खत्म हो जाएगा।
क्या कहता है स्काईमेट
स्काईमेट के पूर्वानुमान के अनुसार, आज शनिवार को भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। एक से दो जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आज से तेज हवाएं चलेंगी, लेकिन आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 19 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 7 से 8 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा। तेज हवाएं चल सकती है। 9 अप्रैल को आंशिक बादल छाएंगे।
इन राज्यों में तूफान-बारिश
उधर, मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों में असम , मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में भी आज बारिश की संभावना जताई। वहीं, मिजोरम में आज भी ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 7 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है। फिलहाल, इन राज्यों में मौसम के सक्रिय होने से तापमान में बढ़ोतरी नहीं देखी जा रही है। यहां मौसम सुहावना बना हुआ है।
इन राज्यों में लू के थपेड़े करेंगे परेशान
इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान में अगले 20 तक लू चलने का अलर्ट घोषित है। उधर, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश कर्नाटक में बढ़ती गर्मी के साथ हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के कई शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर चला गया है। शुक्रवार को अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम 38 डिग्री रहा है। वहीं, अहमदाबाद में दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक सिग्नल बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अवाला दक्षिण भारत के राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
