Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 08-Oct-2025: दिल्ली-एनसीआर में मौसम की चाल बदल गई है। यहां ठंड ने दस्तक दे दी है। बीते दिनों भीषण गर्मी का सामना कर रही दिल्ली में अक्टूबर की शुरुआत ही बारिश के साथ हुई थी, जिससे शहर का मौसम पूरी तरह से बदल गया। शहर में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की है। गर्मी से बचने के लिए एसी-कूलर चला रहे लोगों के घरों में अब पंखे भी बंद होने लगे हैं। बारिश के साथ चली हवाओं की वजह से दिल्लीवासियों को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। रात के समय अधिक ठंड महसूस की जा रही है। आज भी दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे मौसम सुहावना बना रहेगा और ठंड का एहसास और बढ़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
दिल्ली में ठंड की दस्तक
बीते कुछ दिनों से दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश होने से यहां मौसम ठंडा होने लगा है। जहां कुछ दिन पहले लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एसी और कूलर के सहारा ले रहे थे अब सभी घरों में कूलर-एसी बंद कर दिए गए हैं। सुबह और शाम के दौरान अच्छी ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम की स्थिति को देखते हुए दिल्लीवासियों ने गर्म कपड़े और कंबल निकालने शुरू कर दिए हैं।
राजधानी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जहां बीते दिनों शहर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पहुंचा हुआ था, वहीं अब तापमान 30 डिग्री के दर्ज किया जा रहा है। 2 से 3 दिनों के भीतर दिल्ली के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की कमी आई है। 6 डिग्री कि गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 21 डिग्री पहुंच गया है। आज के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने आज 8 अक्टूबर को दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। इससे तापमान और गिर सकता है और ठंड भी बढ़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश और हवाओं के कारण एनसीआर का मौसम भी ठंडा हो गया है। सुबह और शाम के दौरान गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आज भी इन चारों शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां ठंडी हवाओं के साथ बारिश दर्ज की जाएगी। तापमान की बात करें तो फरीदाबाद और गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक रह सकता है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। बारिश से तापमान में गिरावट हो सकती है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 9 अक्टूबर से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर थम जाएगा और मौसम साफ बना रहेगा। बारिश रुकने के बाद तापमान में एक बार फिर वृद्धि होगी। तेज धूप खिली रहेगी और गर्मी बढ़ेगी। लेकिन सुबह-शाम के दौरान मौसम ठंडा बना रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
