Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01-August-2025: दिल्ली-एनसीआर में सुबह की शुरुआत कई स्थानों पर हल्की बारिश के साथ हुई है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली में बारिश का दर्ज की जा रही है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। जिससे शहर के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है तो कई सड़कें जलमग्न हो गई है। कॉलोनी वाले इलाकों में सड़कों और गलियों में पानी भरा होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इस बीच तापमान में कमी दर्ज की गई है। सुबह के समय हल्की ठंडक का एहसास भी हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में सावन की बरसात से उमस वाली गर्मी से भी लोगों को राहत मिल रही है।
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
बता दें कि बुधवार से दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। बुधवार को रात 10 बजे शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह 8 बजे तक होती रही। उसके बाद दोपहर बाद फिर दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। अब शुक्रवार को सुबह की शुरुआत कई इलाकों में बारिश के साथ हुई है, जिससे सुबह का मौसम सुहावना हो गया है। आइए अब आपको बताएं आज पूरा दिन कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम का हाल -
दिल्ली में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो आज दिल्ली में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन शहर के कई इलाकों में सुबह के समय में हल्की बारिश दर्ज की गई है। शहर में आज पूरे दिन बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और धूप खिली रहेगी। तेज धूप होने के कारण दोपहर के समय लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। तापमान की बात करें तो आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच बना रहेगा।
गाजियाबाद में आंधी-तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने गाजियाबाद जिले में आज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही यहां बिजली गिरने का अलर्ट भी है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान लोगों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी गई है।
एनसीआर में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद दोनों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बता दें कि बीते दिन हुई बारिश के कारण शहर का मौसम सुहावना बना हुआ है, लोगों को गर्मी से राहत है। दोपहर के समय धूप निकलने से लोगों को उमस वाली गर्मी झेलनी पड़ सकती है। दोनों शहरों के तापमान की बात करें तो आज गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम तापमान 33 से 35 के बीच रह सकता है। वहीं गौतमबुद्धनगर का न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम तापमान 31 से 33 के बीच रहेगा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, फरीदाबाद में आज तेज बारिश हो सकती है। वहीं गुरुग्राम में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बादलों की आवाजाही में दिन में रुक-रुककर कई बार बारिश होने की संभावना जताई गई है। दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान 23 से 26 के बीच जबकि अधिकतम तापमान 30 से 33 के बीच रह सकता है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में आगामी दिनों में भी मौसम की चाल ऐसी ही बनी रहेगी। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश से शहर का मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग ने 2 अगस्त और 4 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शहर में रक्षा बंधन तक बारिश की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
