Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। यहां इतनी भीषण गर्मी पड़ रही है कि रात के समय भी लोगों का पसीना छूट रहा है। दोपहर में तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। वहीं शाम में भी चुभती-जलती गर्मी से राहत महसूस नहीं होती है। राजधानी में तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। सोमवार को कुछ हिस्सों में पारा 47 डिग्री पार पहुंच गया है। वहीं हीटवेव भी परेशानी का सबब बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत कई हिस्सों में लू चलने और कुछ इलाकों में भीषण लू चलने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
आज साफ रहेगा मौसम
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में सोमवार को सबसे गर्म स्थान नजफगढ़ रहा। यहां अधिकतम तापमान 47. 4 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं मुंगेशपुर में 47,1 पीतमपुरा में 46.6, जाफरपुर में 46.3 और पूसा में 46 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज आसमान साफ रहेगा। इसके अलावा कुछ इलाको में भीषण गर्मी के साथ ही 25 से 35 किमी प्रति की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। दिल्ली के कई हिस्सों में आज लू भी चल सकती है।
पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट
लू की स्थिति के कारण मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले पांच दिन के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। राजधानी में अगले चार दिनों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। जिससे अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री तक रहने के आसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
