Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: मार्च का महीना खत्म होने वाला है, इस महीने का मौसम हल्की ठंडक, बरसात और गर्मी के बीच झूलता रहा। मार्च में लोगों को दिन की धूप की तपिश ने परेशान किया, वहीं रात में हल्की ठंडक ने राहत भी पहुंचाई। इस दौरान बीच-बीच में बारिश का आगमन भी होता रहा। मार्च में अब तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री के ऊपर दर्ज नहीं हुआ। अब अप्रैल शुरू होने वाला है और इस महीने की शुरुआत भी सामान्य से ठंडी ही रहने वाली है। आज के मौसम की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं कल हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने के आसार जताए जा रहे हैं।
आज राजधानी का मौसम
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
स्काईमेट के अनुसार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बारिश हो रही है। जिसके चलते दिल्ली के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को यहां पर अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। आज यहां पर आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। गुरुवार को यहां पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इस दिन भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री ही रहने की संभावना है। हालांकि वीकेंड के दौरान यहां के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं बारिश का सिलसिला 29 मार्च तक देखने को मिल सकता है।
एनसीआर में मिजाज-ए-मौसम
मौसम विभाग के अनुसार नोएडा, फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। जिसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को यहां हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने के आसार नजर आ रहे हैं। आज नोएडा में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रह सकता है। गाजियाबाद में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने की संभवाना है। वहीं फरीदाबाद में बुधवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके अलावा गुरुग्राम का तापमान भी फरीदाबाद जैसा ही रहने वाला है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
