दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा 18-July-2025: दिल्ली-एनसीआर में कल रात झमाझम बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से शहरों का मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को दोपहर के समय तेज धूप खिली रहने के बाद शाम होते ही बादलों की आवाजाही से मौसम बदलने लगा और रात होते ही कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश का ये सिलसिला देर रात तक जारी रहा। देर रात हुई बारिश से सुबह के समय हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है और मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम हुआ सुहावना (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)
कैसा रहेगा आज दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिन के समय धूप खिली रहेगी शाम होते ही शहर का मौसम में फिर बदलाव होगा। तेज हवाओं के साथ मानसूनी बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने मौसमी गतिविधियों और अचानक मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए बारिश का अलर्ट जारी किया है। अब, तापमान की बात करें तो शहर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ऐसे में बारिश होने से शहर के तापमान में और कमी आ सकती है।
एनसीआर में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भारी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। इस दौरान शहर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की मानें तो आज नोएडा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गाजियाबाद में बारिश की संभावना है, लेकिन अलर्ट नहीं जारी किया गया है। बता दें कि यहां तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि आईएमडी ने कोई गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन गुरुवार रात अचानक हुई बारिश को देखते हुए आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
23 जुलाई तक बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 18 जुलाई से 23 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग की मानें तो 23 जुलाई तक शहर में बारिश का दौर जारी रहेगा। बीच-बीच में धूप खिली रहेगी, लेकिन बादलों की आवाजाही से मौसम सुहावना रहेगा। इस दौरान लोगों को उमस वाली गर्मी का प्रकोप भी झेलना पड़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
