Delhi News: दिल्ली के करोल बाग में नकद 57 लाख रुपये लेकर क्रिप्टोकरेंसी देने का झांसा देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस मामले में गुरुजी टूर एंड ट्रैवल्स के कार्यालय से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता शिवम अब भी फरार है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने ठगी की गई पूरी रकम, एक फॉर्च्यूनर कार और दो स्कूटियों को जब्त कर लिया है।
5 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी (सांकेतिक तस्वीर)
पीड़ित की शिकायत पर हुई कार्रवाई
घटना की शुरुआत 30 जून को हुई, जब करोल बाग थाने में एक पीड़ित ने शिकायत दी कि उससे क्रिप्टो करेंसी में इनवेस्ट कराने के बहाने 57 लाख रुपये नकद लिए गए, लेकिन उसे किसी भी प्रकार की डिजिटल करेंसी नहीं दी गई। शिकायतकर्ता को आरोपी अजय और अनमोल ने एक ऑफिस में बुलाया, जहां शिवम और उसके सहयोगियों ने पैसे लेकर भागने की योजना बनाई थी।
पांच आरोपी गिरफ्तार
जांच की जिम्मेदारी ACP आशीष कुमार की टीम को सौंपी गई। उन्होंने, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांचों की मदद से पांच आरोपियों की पहचान कर ली। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में प्रवीण कुमार (अबोहर, पंजाब), नितिन शर्मा और राकेश कुमार दत्ता (दोनों जालंधर, पंजाब), अजय चौधरी (नोएडा) और अनमोल वधवा (पानीपत) शामिल हैं। ये सभी आरोपी दिल्ली के रैगरपुरा में किराए पर रह रहे थे और वहीं से धोखाधड़ी की योजना को अंजाम दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की बात कबूल की, जिसके बाद उनके ठिकाने से 57 लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं, शिवम की तलाश अब भी जारी है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
