Delhi News: दिल्ली में लोग जल्द ही हॉट एयर बैलून की सवारी का लुत्फ उठा सकेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) राजधानी में चार प्रमुख जगहों पर हॉट एयर बैलून राइड शुरू करने की तैयारी कर रहा है। जिसके बाद लोग आसमान से दिल्ली की खूबसूरती का दीदार कर सकेंगे। डीडीए ने इस सेवा को चलाने के लिए निजी कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। यह पहल न केवल दिल्ली के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी एक यादगार अनुभव देगी।
दिल्ली में जल्द शुरू होगी हॉट एयर बैलून राइड (सांकेतिक फोटो)
किफायती होगी हॉट एयर बैलून राइड
दिल्ली में लोगों के लिए अब जल्द ही आसमान से शहर को देखने का मौका मिलेगा। डीडीए अधिकारियों ने बताया कि हॉट एयर बैलून की सवारी दिल्ली के चार जगहों – यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज, असिता और बांसेरा पर शुरू की जाएगी। राजधानी में यह सेवा एक निजी कंपनी चलाएगी। जिसे शुरुआत में तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट मिलेगा। अगर कंपनी की सेवा अच्छी साबित होगी तो इस करार को आगे 9 साल तक बढ़ाया जा सकता है। डीडीए ने इस सेवा को संचालित करने के लिए निजी एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं, जिसमें यह शर्त रखी गई है कि हॉट एयर बैलून राइड का किराया आम लोगों के लिए सस्ता और किफायती होना चाहिए।
कंपनी तय करेगी राइड का किराया
दिल्ली में हॉट एयर बैलून सेवा जो भी कंपनी चलाएगी, उसके पास कम से कम एक साल का अनुभव होना जरूरी है। जिससे वह अच्छे से सुरक्षा नियमों का पालन कर सके। साथ ही कमाई का एक हिस्सा कंपनी को डीडीए को भी देना होगा। इस सेवा का किराया कंपनी तय ही करेगी, लेकिन इसके लिए उसे डीडीए से अनुमति लेनी होगी। टिकटों की बिक्री भी डीडीए की मदद से ही होगी। इस नई पहल से राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
