DTC Bus Tickets Booking Through WhatsApp: यात्रियों को सुविधा देने के लिए सरकार की ओर से हर वो कदम उठाए जा रहे हैं, जो उनकी यात्रा को आसान बना दे। ऐसे में अब दिल्ली सरकार ने बस सर्विस को व्हाट्सअप से जोड़ने का फैसला लिया है। ऐसे में अब यात्री राजधानी के अंदर बसों की टिकटें व्हाट्सअप के जरिए ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इससे यात्रीगण काफी कम समय में और आसानी से अपनी बस की टिकट बुक कर सकते हैं।
अब व्हाट्सअप से बुक कर सकेंगे दिल्ली बस टिकट (फोटो साभार - सोशल मीडिया)
ऐसा करने से अब दिल्ली के अंदर यात्रियों को बस अड्डे की लंबी लाइनें नहीं लगानी पड़ेंगी। वे बिना किसी परेशानी के तुरंत अपनी टिकटें बुक कर सकेंगे और चंद सेकंड में उनकी टिकटें उनके मोबाइल फोन में होंगी। दिल्ली मेट्रो की व्हाट्सएप टिकटिंग की सफलता से प्रेरित होकर अब राज्य सरकार की ओर से डीटीसी और क्लस्टर बसों दोनों के लिए व्हाट्सएप विकल्प जारी किया जाएगा। इससे बस यात्री भी अपनी यात्रा का डिजिटली अनुभव कर सकेंगे। बता दें, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने इस साल मई में व्हाट्सएप आधारित टिकटिंग प्रणाली की शुरुआत की थी।
व्हाट्सएप से टिकट बुक करना होगा सुविधाजनक
हाल ही में, दिल्ली के परिवहन विभाग की ओर घोषणा की गई है कि व्हाट्सएप पर डीटीसी और क्लस्टर बसों के लिए डिजिटल टिकटिंग प्रणाली शुरू करने पर काम कर रहा है। दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का कहना है कि परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी पेश करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में व्हाट्सएप आधारित टिकटिंग प्रणाली डिजिटल टिकटिंग को प्रोत्साहित करने का काम करेगी। यह यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक होगी और सिस्टम में पारदर्शिता लाने का काम भी करेगी। जल्द ही ये सुविधा दिल्लीवासियों को उपहार में दी जाएगी।
व्हाट्सअप पर बस टिकट बुक करने का तरीका
- व्हाट्सएप पर +91 9650855800 पर 'Hi' टेक्स्ट के साथ एक संदेश भेजना होगा।
- इसके बाद चैटबॉट बस मार्गों, किराए और अन्य प्रासंगिक जानकारी के बारे में आपको विवरण दिखेगा।
- इसके बाद यात्री अपनी पसंदीदा बस का चयन कर भुगतान प्रक्रिया कर सकते हैं।
- टिकट सेवा UPI, क्रेडिट/डेबिट कार्ड और अन्य उपलब्ध तरीकों के माध्यम से होगी।
इन सुविधाओं से वंचित रहेंगे यात्री
व्हाट्सएप पर बुकिंग करते समय टिकट रद्द करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस प्रक्रिया में क्रेडिट या डेबिट कार्ड के माध्यम से किए गए लेनदेन के लिए मामूली सुविधा शुल्क निर्धारित किया जाएगा। वहीं, यूपीआई आधारित लेनदेन के लिए कोई सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, ऑनलाइन टिकट बुक करने पर यात्रियों के लिए टिकटों की संख्या पर भी एक सीमा तय की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
