Delhi Crime: दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में रविवार तड़के एक कथित चोर ने घर में घुसकर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के 61 साल सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित अभय कुमार सिंह के अलावा उनकी पत्नी अनुपमा को भी मामूली चोट लगी है और दोनों को तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दिल्ली में चोर ने IRS अधिकारी पर किया हमला
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 38 साल शातिर चोर जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित मीना ने बताया कि वसंत कुंज दक्षिण पुलिस थाने में रात करीब सवा एक बजे चोरी का प्रयास करने की घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि यह घटना उस दौरान हुई जब सिंह अपनी पत्नी के साथ शयन कक्ष में सो रहे थे और उनका बेटा तथा नौकर घर के अन्य कमरों में थे।
ये भी पढ़ें-Sagar Wall Collapsed: मंदिर में शिवलिंग बना रहे थे बच्चे, भरभरा कर गिरी दीवार, 8 बच्चों की मौत
पति-पत्नी घटना में घायल
डीसीपी ने कहा, ‘‘शयन कक्ष से सटी बालकनी से रात एक बजे तेज आवाज सुनने के बाद सिंह नींद से जाग गए। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उनके कमरे में घुसने की कोशिश कर रहा है। जिसके बाद सिंह ने शोर मचाना शुरू कर दिया और अपनी पत्नी को जगाया। इसके बाद चोर ने अभय और उनकी पत्नी पर चाकू से हमला करके उन्हें घायल कर दिया।'
आरोपी चोर गिरफ्तार
मीना ने बताया कि शोरगुल से घर के अन्य लोग जाग गए और उन्होंने चोर को शयन कक्ष में बंद कर दिया। लेकिन इसके बावजूद वह बालकनी से भाग गया अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद हमलावर की तलाश के लिए छह टीम गठित की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। हमलावर की पहचान मूल रूप से मेरठ निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है और उसके पास से बरामबद चाकू को जब्त कर लिया गया है।
इनपुट-भाषा
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
