Delhi Crime: दिल्ली में आपराधिक मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। चेन स्नेचिंग, मारपीट, गोलीबारी और हत्या के मामले यहां अक्सर सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके से सामने आया है। यहां विवाद के चलते एक युवक और उसके परिवार पर एक बच्चे के परिवार के सदस्यों ने हमला किया। बच्चे के परिवार ने युवक और उसके परिवार की जमकर पिटाई की। विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया, क्योंकि बच्चे के परिवार ने युवक के बीच बचाव के लिए आए एक व्यक्ति पर चाकू से वार किया। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मयूर विहार पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
खुनी खेल में बदला मामूली विवाद
पत्थर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक बच्चा युवक पर पत्थर फेंक कर उसे परेशान कर रहा था। युवक ने बच्चे को डांटा तो वह अपने परिवार के सदस्यों को बुला लाया। इस मामले पर बच्चे के परिवार के छह लोगों ने युवक, उसके पिता और ताऊ की पिटाई कर दी। इस बीच युवक का दोस्त शिवा बीच-बाचाव में आया। लेकिन आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और वह गंभीर रूप से घायल हो। शिवा को इलाज के लिए एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले को लेकर अनिल ने बच्चे के परिवार के खिलाफ मयूर विहार पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले दर्ज करते हुए जांच शुरू की और तसलीम और नजाकत उर्फ लियाकत को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
