Ashram Flyover: आश्रम फ्लाईओवर खोलने का इंतजार कर रहे लाखों वाहन चालकों का इंतजार और भी लंबा होने जा रहा है। इस फ्लाईओवर को वाहन चालकों के लिए खोलने की दूसरी तारीख भी फेल हो गई है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मानें तो इस फ्लाईओवर को खुलने में अभी एक सप्ताह से दस दिन का अतिरिक्त समय लग सकता है। फ्लाईओवर की ओपनिंग में हो रही इस देरी का कारण अधूरा कार्य और हालही में हुई दिल्ली पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी है। जिसकी वजह से इसके भव्य उद्घाटन समारोह को भी टाल दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि होली के बाद इस फ्लाईओवर को वाहन चालकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके खुलने के बाद दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
आश्रम फ्लाईओवर
बता दें कि, आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन कार्य के लिए इसे बीते एक जनवरी को 45 दिनों के लिए बंद कर दिया गया था। इस कार्य को पहले 15 फरवरी तक पूरा कर खोलने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अधूरे कार्य की वजह से इसके ओपनिंग डेट को बढ़ाकर 28 फरवरी कर दिया गया। हालांकि अब यह डेट भी निकल गई। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार फ्लाईओवर पर निर्माण और इसे जोड़ने का कार्य पूरा हो चुका है। दोनों तरफ रेलिंग लगाई जा चुकी है। अब इस फ्लाईओवर पर सड़क बनाने और रेलिंग को पेंट करने और लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य भी तीन से चार दिन में पूरा हो जाएगा, लेकिन इसके उद्घाटन को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है।
भव्य उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर लगा ब्रेक
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि आश्रम फ्लाईओवर तीन से चार दिन में भले ही पूरी तरह खोलने के लिए तैयार हो जाए, लेकिन इसके भव्य उद्घाटन समारोह पर अब असमंजस की स्थिति है। दरअसल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास ही पीडब्ल्यूडी मंत्रालय का कार्यभार भी था, ऐसे में सीबीआई द्वारा उनकी गिरफ्तारी से समारोह की तैयारियों पर रोक लग गई है। बता दें कि, इस फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद आश्रम लालबत्ती, डीएनडी, सराय काले खां, मथुरा रोड, सीवी रमन मार्ग, एनएच-24, लाजपत और बारापुला जैसे स्थानों पर जाम से राहत मिल जाएगी।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
