Delhi Crime News: दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गंदे टॉयलेट को लेकर गुस्साए पड़ोसियों ने दो भाइयों की जमकर पिटाई कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि उस दौरान पड़ोसी ने युवक पर चाकू से वार कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक घायल हो गया था। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। झगड़े के दौरान बीच बचाव के लिए आए युवक के साथ ही मारपीट की गई। बता दें कि यह टॉयलेट दोनों परिवारों का कॉमन टॉयलेट था। फ्लश न करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और ये हिंसक रूप में बदल गया। घटना की सूचना मिलने पर सीएम आतिशी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी
कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना
गोविंदपुरी में हुई हिंसक झड़प की सूचना मिलने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की और शहर में सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की। आतिशी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि "भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित केंद्र सरकार के पास दिल्ली में सिर्फ कानून-व्यवस्था को संभालते हुए दिल्लीवालों को सुरक्षा देने का एकमात्र काम है लेकिन वे इसमें पूरी तरह नाकाम रही है, कानून-व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया है।" उन्होंने कहा कि "दिल्ली में गोलीबारी, हत्या, फिरौती रोजमर्रा की बात हो गई है। अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं है। लोग न तो घर के बाहर, न ही घर के अंदर सुरक्षित है।"
ये भी पढ़ें - Faridabad: रिटायर्ड जज के घर नौकर ने की चोरी, मालिक को जहरीला खाना खिलाकर नकद और गहने लेकर फरार
मुख्यमंत्री ने कहा कि "मेरी भाजपा शासित केंद्र सरकार से अपील है कि वह कानून- व्यवस्था को संभालें, वरना सभी दिल्लीवाले उन्हें सबक सिखायेंगे…।" पुलिस ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक साझा शौचालय में पानी नहीं डालने को लेकर पड़ोसियों से हुए झगड़े में कबाड़ का काम करने वाले 18 वर्षीय सुधीर की चाकू गोद कर हत्या कर दी गयी।
(इनपुट - भाषा)
