Faridabad Crime News: फरीदाबाद में रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी को घरेलू सहायक ने शुक्रवार रात को खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाया और बेहोश कर दिया। जिसके बाद घर से नकद और गहने लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई और क्राइम ब्रांच की टीम के साथ आरोपी की तलाश की जा रही है।
बेटे ने फोन कर पड़ोसी को भेजा घर
पुलिस ने बताया कि मामला शनिवार सुबह तब प्रकाश में आया जब पीड़ित के बेटे ने अपने माता-पिता वीरेंद्र प्रसाद और बीना शर्मा को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। उसने बताया कि इसके बाद उनके बेटे ने पड़ोस में रहने वाले एक चिकित्सक को अपने माता-पिता के पास भेजा तो दोनों बेहोश पड़े मिले।
आरोपी की तलाश में तीन टीम गठित
एनआईटी, फरीदाबाद पुलिस थाने के एसएचओ अनूप सिंह ने बताया, "आरोपी घरेलू सहायक राजू थापा को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीम गठित की गई हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
(इनपुट - भाषा)
