दिल्ली में मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 7 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। यहां हर गुजरते दिन में न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार यानी 7 दिसंबर इस सीजन की अभी तक की सबसे ठंडी सुबह के रूप में दर्ज की गई है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। आज राजधानी में सुबह-शाम के दौरान हल्की धुंध छाई रहेगी और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से शहर में ठंड और बढ़ेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश होने से दिल्ली में दिसंबर वाली कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गुरुग्राम और फरीदाबाद (एनसीआर क्षेत्रों) में भी मौसम बदलने लगा है। यहां भी कड़ाके की ठंड दस्तक दे रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज 8 दिसंबर को गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर दोनों ही शहरों में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। यहां बारिश होने से शहर के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड भी बढ़ेगी। इसके अलावा शहर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमशः 24-25 तक रह सकता है। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद की बात करें तो यहां सुबह और शाम के दौरान हल्का कोहरा छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रह सकता है। बता दें कि इन दोनों जिलों में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने बदले मौसम के मिजाज
पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश का असर दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों पर देखा जा सकता है। एक्टिवेट हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रहा है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
