Delhi Cylinder Blast: शनिवार की दोपहर उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में फटे CNG सिलेंडर की चपेट में आए लोगों में से दो बच्चों की मौत हो गई है। गंभीर रूप से झुलसे दो नाबालिग बच्चों की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी साझा की है। पुलिस ने यह भी बताया कि चार मंजिला आवासीय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मेंटिनेंस और रिपेयर यूनिट में शनिवार दोपहर हुए विस्फोट में तीन बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
CNG सिलेंडर धमाके की चपेट में आए दो बच्चों की मौत
चपेट में आए थे चार लोग
घायलों की पहचान अरशद (22), साकिब (7), अब्बास (9) और राजा (3) के रूप में हुई थी। पुलिस के मुताबिक 85 प्रतिशत से अधिक झुलसे साकिब और राजा की गुरु तेग बहादुर अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई।
मालिक को पकड़ने की तैयारी
पुलिस ने दो बच्चों की मौत के बाद नंद नगरी थाने में दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (1) (लापरवाही से मौत) को भी जोड़ दिया है। पुलिस ने पहले धारा 287 (मशीनरी के संबंध में लापरवाही), 125 ए (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और 326 जी (विस्फोटक पदार्थ के इस्तेमाल से गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गोदाम के मालिक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
मरम्मत के दौरान फटा था सिलेंडर
मरम्मत के किसी काम के दौरान हुआ यह धमाका इतना जोरदार था कि गोदाम का लोहे का गेट टूट गया और मलबे की चपेट में खेल रहे बच्चे भी आ गए। हालांकि विस्फोट से आग नहीं लगी लेकिन इससे गोदाम और आस-पास की संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचाया। अपराध और फोरेंसिक की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला कि गोदाम में बिना किसी मंजूरी के पुराने CNG सिलेंडरों को इकट्ठा करके उनकी मरम्मत की जा रही थी।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
