Delhi Politics : राजधानी में आज बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। नीतीश की एक महीने में दिल्ली के सीएम से ये दूसरी मुलाकात है। इस मीटिंग के बाद भाजपा नेता एक साथ अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लामबंद हो गए। मनोज तिवारी समेत डॉ. हर्षवर्धन और रमेश बिधूड़ी ने केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। इनके अलावा मीनाक्षी लेखी और प्रवेश वर्मा के भी बयान सामने आए।
'जो केजरीवाल से सटा उसका कद घटा'
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि, आज हम केजरीवाल की पुरानी लिस्ट की समीक्षा करेंगे। जिन्हें भ्रष्टाचार की प्रतिमूर्ति मानते थे, लेकिन अब उन्हीं के साथ मिल गए हैं। केजरीवाल इससे पहले शरद पवार, पी. चिदंबरम, सुरेश कलमाडी, जग मोहन रेड्डी, लालू यादव जैसे लोगों को भ्रष्टाचार की प्रतिमूर्ति मानते थे अब उनके साथ गलभईया करते हुए दिखे। भाजपा सांसद ने कहा कि केजरीवाल को कई लोगों ने किनारे कर दिया है। कर्नाटक में आप सबने देखा कि उन्हें नहीं बुलाया गया, क्योंकि जो केजरीवाल से सटा उसका कद घटा।
'एलजी के प्रति रवैया गलत'
चांदनी चौक से भाजपा सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि, दिल्ली में केजरीवाल की सरकार बनने से पहले 20 साल से दिल्ली में में सरकारें चली, उन दिनों में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए। लेकिन आज तक ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ जैसा आज एलजी के प्रति ये सरकार कर रही है। कई अधिकारियों का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि, अंशु प्रकाश के साथ मैंने भारत सरकार में काम किया, वह काफी बेहतर अधिकारी थे। नरेश कुमार भी बेहतर सीएस हैं, लेकिन जैसे ही सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया वैसे ही केजरीवाल सरकार ने जांच कर रहे अधिकारियों को परेशान करना शुरू कर दिया।
'दिल्ली में हालात हास्यास्पद'
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि, दिल्ली में हालात हास्यास्पद हो गए हैं। उन्होंने बताया कि 2014 तक 679 अध्यादेश संसद में लाए गए। आज स्थिति ये हो गई है कि, राज्यसभा सांसदों को सोचना पड़ेगा कि वे किस मंडली के साथ जाना चाहेंगे। दिल्ली में अभी तक अफसरों के ट्रांसफर और पोस्टिंग का कोई भी नियम नहीं था, इसीलिए वह अध्यादेश लाया गया।
मीनीक्षी लेखी और प्रवेश वर्मा भी बोले
भाजपा की महिला नेता मीनाक्षी लेखी और सांसद प्रवेश वर्मा ने भी दिल्ली सीएम केजरीवाल पर हमला बोला। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि, केजरीवाल भ्रष्टाचार का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर काम कर रहे हैं। राष्ट्रपति के अधिकार को चैंलेज नहीं किया जा सकता है। वहीं, प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने घर बुलाकर अधिकारियों को अधिकारियों को। अंशु प्रकाश और आशीष मोरे के साथ यही हुआ। अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद डराया धमकाया गया। अधिकारी का ट्रांसफर करने का मतलब यही था कि घोटाला बहुत बड़ा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
