Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र में उसके नेतृत्व वाली सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जिंदगी से खेल रही है, जिनका वजन जेल में रहने के दौरान 8.5 किलोग्राम कम हो गया है और रक्त में शर्करा का स्तर 50 मिलीग्राम/डीएल से नीचे पांच बार जा चुका है।
संजय सिंह, राज्यसभा सांसद, आम आदमी पार्टी।
भाजपा ने आप पर किया पलटवार, किया ये दावा
भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि हर बार जब आप नेताओं को केजरीवाल को जमानत मिलने की कोई उम्मीद नजर आती है, तो वे अपना पुराना वही ‘राग अलापने’ लगते हैं कि भाजपा उन्हें जेल में रखना चाहती है और उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है। संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'उनके स्वास्थ्य की स्थिति ऐसी है कि अगर उन्हें जल्द जेल से बाहर नहीं लाया गया और इलाज नहीं किया गया, तो उनके साथ कोई भी गंभीर घटना घट सकती है।'
उन्होंने कहा कि जब 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया था, तब उनका वजन 70 किलोग्राम था, जो घटकर अब 61.5 किलोग्राम रह गया है। सिंह ने दावा किया कि उनका वजन लगातार घटने का कारण अज्ञात है, क्योंकि कोई जांच नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वजन घटना किसी गंभीर बीमारी का संकेत है।
'जेल में लगातार बिगड़ रहा केजरीवाल का स्वास्थ्य'
राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि जेल में रहने के दौरान पांच बार दिल्ली के मुख्यमंत्री का रक्त शर्करा स्तर 50 मिलीग्राम/डीएल नीचे चला गया और 'यदि इस तरह उनका शर्करा स्तर सोने के दौरान गिरता रहा, तो उनके साथ कुछ भी हो सकता है और वह कोमा में भी जा सकते हैं।' आप के दावों पर भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'संजय सिंह को यह स्मरण करना चाहिए कि जब भी केजरीवाल को जमानत मिलती है, वह कभी इलाज के लिए नहीं जाते हैं, बल्कि उनकी राजनीतिक बयानबाजी नयी ऊंचाइयों पर पहुंच जाती है।'
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने लोगों से कहा था कि अगर वे उन्हें जेल के बाहर देखना चाहते हैं, तो लोकसभा चुनाव में ‘आप’ को वोट दें। सचदेवा ने कहा, 'लेकिन दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और पंजाब के लोगों ने उनके आह्वान को पूरी तरह से खारिज कर दिया।' सिंह ने यह भी कहा, 'जेल में रात में डॉक्टर हमेशा मौजूद नहीं रहते और किसी भी तरह की परेशानी होने पर मरीजों को बड़ी मुश्किल से अस्पताल ले जाया जाता है।'
छह महीने तिहाड़ जेल में गुजार चुके हैं संजय सिंह
संजय सिंह को भी आबकारी नीति से संबंधित धनशोधन मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किया था और वह छह महीने तिहाड़ जेल में गुजार चुके हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का परिवार, ‘आप’ और उनके शुभचिंतक जेल में उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंतित हैं। सिंह ने आरोप लगाया, 'भाजपा और केंद्र की उसकी सरकार का मकसद उन्हें जेल में रखना और उनके जीवन से खेलना है। वे साजिश रच रहे हैं, ताकि उन्हें कुछ गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़े।'
सुप्रीम ने ईडी द्वारा दर्ज मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री को शुक्रवार को अंतरिम जमानत दे दी थी। हालांकि, आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के कारण वह अभी भी जेल में हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
