Bhajanpura Murder Case : दिल्ली के भजनपुरा इलाके में अमेजन कंपनी के सीनियर मैनेजर की हत्या मामले में मुख्य आरोपी समीर उर्फ माया सहित दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर और बिलाल गनी उर्फ मल्लू को गिरफ्तार किया है। बता दें कि आरोपियों ने सीनियर मैनेजर हरप्रीत गिल की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की जांच में पता चला कि यह हत्या रोडरेज की वजह से हुई। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 307, 34 और 27 के तहत केस दर्ज हुआ है।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
समीर के कुछ वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुई हैं। इन्हें देखने से लगता है कि वह आपराधिक प्रवृत्ति का आदमी है। समीर माफिया बनने के लिए इंस्टाग्राम पर अपने वीडियो बनाकर पोस्ट करता था। बचपन में अपराध के लिए उसे बाल सुधार गृह भी भेजा जा चुका था। इस वारदात के बाद वह फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किया है।
सुभाष विहार इलाके में मारी गोली
पुलिस का कहना है कि हरप्रीत गिल (36) और उनके 32 वर्षीय मामा गोविंद सिंह को रात करीब 11.30 बजे सुभाष विहार इलाके में गोली मारी गई। गिल और सिंह दोनों बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। घटना के बाद अस्पताल ले जाए गए गिल को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि गिल और सिंह दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे जब एक स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर आए और उन्हें रोकने के बाद गोलीबारी की।
घूमने के लिए निकले थे हरप्रीत
पुलिस ने कहा कि हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की पड़ताल की जा रही है, गोलीबारी का सटीक कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। हरप्रीत के चाचा बॉबी सिंह गिल ने कहा कि मंगलवार को हरप्रीत की छुट्टी थी और वह अपने मामा के साथ बाइक पर सवार होकर घूमने निकला था, तभी एक अन्य दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
मंगलवार को हरप्रीत की छुट्टी थी
बॉबी ने कहा, "हरप्रीत मंगलवार को घर पर था क्योंकि उसकी छुट्टी थी। वह ऑफिस से आने के बाद टहलने जाता था। रात करीब पौने 11 बजे उसने अपनी मां से कहा कि वह टहलने जा रहा है।” बॉबी ने कहा, "वह मोटरसाइकिल पर गोविंद के साथ था। हमने सुना है कि एक दोपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और हमलावर उन्हें गालियां देते हुए भाग गए।"
(एजेंसी इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
