दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली में निर्माणाधीन भैरों मार्ग रिंग रोड टी पॉइंट अंडरपास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह परियोजना भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MOHUA) के सहयोग से 80:20 फंडिंग मॉडल पर चल रही है।
लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा
मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि MOHUA इसके लिए 80 फीसद फंडिंग कर रहा है, जबकि आईटीपीओ इसका 20% खर्च उठा रहा है। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में आई बाढ़ के कारण अंडरपास निर्माण में देरी हुई, विशेषकर 10 बॉक्स के निर्माण में। IIT दिल्ली और मुंबई से समाधान न निकलने के बाद अब इसे कम ऊंचाई पर दोबारा बनाने का निर्णय लिया गया है।
इस निर्माण के दौरान रेलवे ट्रैक के नीचे ट्रेनों की गति धीमी रहेगी। साथ ही, जल भराव रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। MOHUA से अनुमति मिलते ही यह परियोजना 8-9 महीनों में पूरी कर ली जाएगी।
मंत्री वर्मा ने कहा कि पिछली सरकारों की तरह यह सरकार काम में देरी नहीं करती, बल्कि विभागों के साथ लगातार फॉलोअप करती है। उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वासन दिया कि अब बारिश के दौरान दिल्ली में बाढ़ नहीं आएगी। भैरों मार्ग से सराय काले खां तक का नया रूट आम लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होगा।
यही नहीं, मंत्री ने नंद नगरी गगन सिनेमा फ्लाईओवर के काम की भी जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
