Delhi Ayushman Bharat Card: दिल्ली के नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक दिन साबित हुआ, जब राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में दो क्रांतिकारी कदम एक साथ उठाए गए। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बांटे गए, वहीं प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) को लागू करने के लिए दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
आयुष्मान भारत योजना दिल्ली
PM-JAY से दिल्लीवासियों को मिलेगा 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज
केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाले 5 लाख रुपये के स्वास्थ्य कवर के साथ-साथ दिल्ली सरकार ने अतिरिक्त 5 लाख का टॉप-अप कवर प्रदान करने की घोषणा की है, जिससे प्रत्येक लाभार्थी को कुल 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।bदिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा, 'अब बीमारी आर्थिक बोझ नहीं बनेगी। हर नागरिक को निःशुल्क और सम्मानजनक इलाज का अधिकार होगा। यह योजना सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की भावना भी देती है।'
PM-ABHIM से दिल्ली का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर होगा और मजबूत
स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सर्वसुलभ बनाने के उद्देश्य से पीएम-एबीएचआईएम (PM-ABHIM) योजना के तहत दिल्ली में बड़े पैमाने पर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जाएगा।
इस मिशन के तहत राजधानी में तीन प्रमुख पहल की जाएंगी:-
1. 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण – जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर तक पहुंचेंगी।
2. 11 जिलों में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब्स – जिससे जांच सेवाएं त्वरित और सुलभ होंगी।
3. 9 क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक्स – जिससे गंभीर रोगियों को उन्नत इलाज उपलब्ध होगा।
डॉ. सिंह ने यह भी कहा, "यह योजना सिर्फ एक हेल्थ स्कीम नहीं, बल्कि ‘विकसित दिल्ली’ के सपने की मजबूत नींव है। इससे दिल्ली न केवल आत्मनिर्भर बनेगी, बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक मॉडल साबित होगी।"
'भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई योजना'
PM-ABHIM योजना को कोविड-19 के अनुभवों से सीख लेते हुए तैयार किया गया है। यह मिशन देशभर में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देने और हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू किया गया है। दिल्ली सरकार ने पिछली वर्षों में योजनाओं को रोकने के लिए पुरानी सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि अब समय है, जब दिल्लीवासियों को उनका हक मिले और उन्हें विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
